भारतीय पुरुष हाॅकी टीम एक साल बाद मैदान पर लौट जर्मनी को बुरी तरह से धोया
नई दिल्ली
कोरोना के कारण 12 महीने बाद एक बार फिर से भारतीय हाॅकी टीम मैदान पर दिखी। पी आर श्रीजेश की अगुवाई वाली भारतीय हाॅकी टीम ने पहले मैच में जर्मनी को 6-1 से हरा दिया है। भारतीय हाॅकी टीम इस समय यूरोप के दौरे पर है जहां उसे चार मैच खेलने हैं। भारत की तरफ से पहला गोल तेरहवें मिनट में नीलाकांता शर्मा ने किया। हालांकि जर्मनी ने अगले मिनट में ही पलटवार किया और मैच 1-1 से बराबर हो गया। लेकिन फिर विवेक सागर ने 27वें और 28वें मिनट में गोल करके भारतीय टीम की बढ़त 3-1 तक पहुंचा दी। हाॅफ टाइम तक यही स्कोर रहा। लेकिन हाॅफ टाइम बाद भारतीय टीम दुगने जोश के साथ मैदान पर उतरी। भारत की तरफ से चौथा गोल ललित कुमार (41), पांचवा आकाशदीप (42) और छठा हरमनप्रीत सिंह (47) ने किया। जिसके बाद जर्मनी की टीम फिर मैच में वापसी नहीं कर पाई। जीत के बाद कप्तान श्रीजेश ने कहा, 'इतने दिन बाद मैच खेलना शानदार रहा। कोच की सलाह थी कि मैच आनंद उठाओ और वही हम लोगों ने किया। हमनें जर्मनी के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया। हम सभी ने अपने स्किल्स पर बहुत काम किया है। आज वह सब मैदान के अंदर दिखा।' भारत और जर्मनी का अगला मैच एक दिन बाद मंगलवार को खेला जाएगा।

पाठको की राय